पटना: फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में बुधवार को सिलेंडर ब्लास्ट की घटना से हड़कंप मच गया। ईसापुर नहर पर इस्लामिया हाई स्कूल के ठीक सामने स्थित एक मकान में खाना बनाने वाले सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद मकान में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
बताया जा रहा है कि यह मकान मो. शहाब का है, जहां परिवार के सदस्यों के साथ कई किरायेदार भी रहते हैं। मकान के ऊपरी तल पर अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई। घनी आबादी वाले इलाके में आग और विस्फोट की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने और मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए 8 से 10 बड़ी दमकल गाड़ियों को लगाया गया है। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में अग्निशमन कर्मियों की मदद कर रहे हैं।
हादसे में कई लोगों के झुलसने की सूचना सामने आई है। झुलसे लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितने लोग घायल या झुलसे हैं और उनकी हालत कितनी गंभीर है।
आग बुझने के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
फिलहाल दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मकान में कितने लोग मौजूद थे और हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं।

सिलेंडर में ब्लास्ट किस वजह से हुआ, इसकी भी अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा है और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।
