पटना: बिहार में 23 अक्टूबर को होने वाला एमएलसी चुनाव काफी महत्वपूर्ण है. सबसे मजेदार राजनीतिक पहलू विपक्षी दलों के बीच आपसी मुकाबला है। दरअसल पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक और कोसी स्नातक जैसी सीटों पर आरजेडी और कांग्रेस दोनों ने उम्मीदवार खड़े किए हैं। वहीं विपक्षी दलों के अलग-अलग चुनाव लड़ने का सीधा फायदा एनडीए को मिलेगा या नहीं ये तो समय बताएगा। इस बार जन सुराज की मौजूदगी ने मुकाबले में एक और विकल्प जोड़ दिया है।
चुनाव को सबसे ज्यादा दिलचस्प बनाने का काम जेडीयू के बाहूबली विधायक अनंत सिंह ने किया है. उन्होंने जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ पटना स्नातक से जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह का समर्थन कर दिया है. इसे लेकर पार्टी में काफी विवाद भी हुआ. यही वजह है कि इस चुनाव में पटना से दरभंगा तक मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है.
बता दें कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का आधार सीमित होता है और उम्मीदवारों का व्यक्तिगत संपर्क अक्सर निर्णायक साबित हो सकता है। इन चुनावों में शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याएं, वेतन, पेंशन, पदोन्नति, उच्च शिक्षा, बेरोजगारी और स्नातक युवाओं के अवसर जैसे मुद्दे भी मतदाताओं की प्राथमिकताओं को प्रभावित कर सकते हैं।

बिहार MLC चुनाव 2026 को लेकर देखिए पूरा आंकड़ा
कुल उम्मीदवार- 150
कुल मतदाता- 5,32,847
स्नातक सीटों पर प्रत्याशी- 90
शिक्षक सीटों पर प्रत्याशी- 60
किस सीट पर कितने उम्मीदवार?
- निर्वाचन क्षेत्र उम्मीदवार
- दरभंगा स्नातक 40
- पटना स्नातक 18
- तिरहुत स्नातक 17
- कोसी स्नातक 15
- पटना शिक्षक 18
- सारण शिक्षक 18
- दरभंगा शिक्षक 13
- तिरहुत शिक्षक 11
- कुल 150
शुरुआत में 164 नामांकन दाखिल हुए थे। इनमें 12 नामांकन रद्द हुए और दो उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया। इसके बाद 150 प्रत्याशी बचे हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है।
जेडीयू के उम्मीदवार
- पटना स्नातक — नीरज कुमार
- तिरहुत स्नातक — अभिषेक झा
- सारण शिक्षक — आनंद पुष्कर
- दरभंगा शिक्षक — घनश्याम राय

बीजेपी के उम्मीदवार
- पटना शिक्षक — नवल किशोर यादव
- कोसी स्नातक — डॉ. एनके यादव
- दरभंगा स्नातक — सर्वेश कुमार
- तिरहुत शिक्षक — नरेंद्र प्रसाद सिंह
आरजेडी के उम्मीदवार
- पटना शिक्षक — डॉ. संजीव कुमार सिंह
- पटना स्नातक — दिलीप कुमार
- कोसी स्नातक — नितेश कुमार
- दरभंगा स्नातक — अनिल कुमार झा
- सारण शिक्षक — प्रो. जयराम यादव
- तिरहुत स्नातक — डॉ. रश्मि विनायक गौतम
- दरभंगा शिक्षक — डॉ. कुंवर राय
कांग्रेस के उम्मीदवार
- पटना स्नातक — डॉ. असदुल्लाह खान
- दरभंगा स्नातक — रजनीकांत पाठक
- कोसी स्नातक — मनोज कुमार जायसवाल
- पटना शिक्षक — डॉ. संजय यादव
- दरभंगा शिक्षक — डॉ. मदन मोहन झा
जन सुराज के उम्मीदवार
- पटना स्नातक — डॉ. अनुज सिंह
- पटना शिक्षक — दिव्या ज्योति
- दरभंगा स्नातक — डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी
- दरभंगा शिक्षक — एसपी राय
- कोसी स्नातक — रजनीश रंजन
- सारण शिक्षक — आफाक अहमद
- तिरहुत स्नातक — डॉ. विमोहन कुमार
- तिरहुत शिक्षक — भूषण झा

23 अक्टूबर को मतदाता करेंगे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
शुक्रवार को होने वाला मतदान बिहार के प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए संगठनात्मक ताकत की परीक्षा भी माना जा रहा है। एनडीए जहां अपनी सीटों पर पकड़ बनाए रखने और जीत दर्ज करने की कोशिश करेगा, वहीं आरजेडी और कांग्रेस अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करना चाहेंगे। जन सुराज के लिए भी यह चुनाव राजनीतिक विस्तार की एक महत्वपूर्ण परीक्षा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार अपनी राजनीतिक पकड़ का फायदा उठा पाएंगे, या आरजेडी, कांग्रेस और जन सुराज के उम्मीदवार चुनावी समीकरण बदल देंगे? इसका जवाब मतदाताओं के फैसले से ही मिलेगा। बता दें कि इन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का अधिकार केवल संबंधित मतदाता सूची में पंजीकृत पात्र मतदाताओं को मिलता है।
