मुंबई, । बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की लंबे समय से बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ को आखिरकार आधिकारिक शीर्षक मिल गया है। अभिनेता ने 24 अगस्त को फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए इसके नाम और रिलीज डेट का ऐलान किया। फिल्म अब ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के नाम से सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले तैयार की गई है। फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे।अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “हर इंसान का नजरिया अलग होता है… मेरे लिए मेरी फैमिली ही सब कुछ है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में।”
विजय सालगांवकर और पुलिस की कहानी पहुंचेगी निर्णायक मोड़ पर
फिल्म के शीर्षक से साफ संकेत मिलता है कि विजय सालगांवकर और पुलिस के बीच लंबे समय से चल रही आंख-मिचौली अब अपने निर्णायक चरण में पहुंचने वाली है। ऐसे में दर्शक यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि इस कहानी का अंतिम परिणाम क्या होगा।‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों में विजय ने अपने परिवार को बचाने के लिए पुलिस को चकमा देने की कोशिश की थी। अब तीसरे भाग में कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी, इसे लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है।
नए पोस्टर में भी बरकरार रखा गया रहस्य
फिल्म के नए पोस्टर में भी रहस्य को बरकरार रखा गया है। पोस्टर में अजय देवगन का पूरा चेहरा दिखाने के बजाय उनकी केवल गहरी और गंभीर आंख को प्रमुखता से दिखाया गया है।पोस्टर का यह अंदाज विजय के सतर्क स्वभाव, उसके दिमाग में चल रही रणनीति और कहानी में छिपे रहस्यों की ओर इशारा करता है। इससे फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
शानदार स्टारकास्ट आएगी नजर
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।फिल्म की स्टारकास्ट और कहानी को देखते हुए इसे लेकर दर्शकों के बीच काफी उम्मीदें हैं।
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी को मिलेगा निर्णायक अंत?
2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ से ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी को एक निर्णायक अंजाम मिलने की उम्मीद है। अब देखना दिलचस्प होगा कि विजय सालगांवकर इस बार पुलिस के सामने अपने परिवार और वर्षों से छिपे राज को किस तरह बचा पाते हैं।
