मुंबई: हर साल की तरह इस साल भी कुर्ला पश्चिम में हज़रत इमाम हुसैन (Imam Hussain) और शहीदाने-कर्बला की याद में जुलूस-ए-शहीद-ए-कर्बला का आयोजन किया गया। जुलूस से पहले मौलाना सैयद अफसर हुसैन रिज़वी साहब किबला ने मजलिस से खिताब किया और कर्बला के शहीदों की कुर्बानियों तथा उनके पैगाम पर रोशनी डाली।
हैदर रिज़वी फाउंडेशन ट्रस्ट की जानिब से निकाला गया जुलूस
मजलिस के बाद हैदर रिज़वी फाउंडेशन ट्रस्ट की जानिब से जुलूस निकाला गया। ट्रस्ट के चेयरमैन जनाब हैदर रिज़वी की निगरानी में निकला यह जुलूस सलीम अपार्टमेंट, न्यू हॉल रोड, कुर्ला पश्चिम से रवाना हुआ और अपने कदीम रास्तों से होता हुआ शिया इशना अशरी जामा मस्जिद, पाइप रोड, इमामिया कॉलोनी पहुंचकर समाप्त हुआ।
जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मातमी माहौल के बीच अंजुमनों ने अपनी अकीदत पेश की। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 12 अंजुमनों ने जुलूस में शिरकत की। तस्वीरों में जुलूस के दौरान सजी हुई जुलजनाह, अकीदतमंदों की बड़ी मौजूदगी और मातम करते हुए लोग नजर आए।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम
जुलूस के दौरान विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए। जुलूस निर्धारित मार्ग और पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ा। हैदर रिज़वी फाउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमैन जनाब हैदर रिज़वी ने जुलूस की सुरक्षा और व्यवस्था में सहयोग के लिए विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन के तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से जुलूस अपने तय रास्तों से गुजरते हुए शांतिपूर्ण तरीके से शिया अशना अशरी जामा मस्जिद, पाइप रोड, इमामिया कॉलोनी में समाप्त हुआ। जुलूस के दौरान कर्बला के शहीदों की याद, मातम और अकीदत का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
