पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर NDA के भीतर भी मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) में सारण निर्वाचन क्षेत्र को लेकर स्थिति दिलचस्प हो गई है। पार्टी के तीन विधायक नेतृत्व के रुख से अलग जाते हुए राम पुकार सिन्हा के समर्थन में नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक रालोमो के विधायक माधव आनंद, रामेश्वर महतो और आलोक सिंह ने सारण निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे राम पुकार सिन्हा को समर्थन दिया है। तीनों विधायकों के राम पुकार सिन्हा के नामांकन में शामिल होने की भी बात सामने आई है।
प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह की अगुवाई में समर्थन
राम पुकार सिन्हा के समर्थन में रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह के भी सामने आने से पार्टी के भीतर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। खास बात यह है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की ओर से विधान परिषद चुनाव में JDU उम्मीदवार को समर्थन देने की बात कही गई थी।
ऐसे में पार्टी के तीन विधायकों का अलग रुख अपनाना NDA के लिए भी सवाल खड़े कर रहा है। चुनावी मैदान में उम्मीदवारों के उतरने के साथ ही अब गठबंधन के भीतर की सियासी तस्वीर भी बदलती नजर आ रही है।
NDA के भीतर बढ़ रही खींचतान?
बिहार विधान परिषद चुनाव में NDA की ओर से अलग-अलग सीटों पर उम्मीदवार उतारे गए हैं। वहीं, कुछ सीटों पर गठबंधन के घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच अलग-अलग दावेदारी और समर्थन की स्थिति सामने आ रही है।
सारण सीट पर राम पुकार सिन्हा के समर्थन में रालोमो के तीन विधायकों के आने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पार्टी नेतृत्व इन विधायकों के रुख पर कोई कार्रवाई करेगा या फिर इसे स्थानीय स्तर का राजनीतिक फैसला मानकर आगे बढ़ेगा?
फिलहाल रालोमो के भीतर सामने आए इस घटनाक्रम ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है और विधान परिषद चुनाव में NDA की एकजुटता पर भी सवाल खड़े किए हैं।
