तेहरान, 9 जुलाई (ब्यूरो प्रमुख)। इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता हज़रत आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई की अंतिम यात्रा कुछ ही देर बाद शुरू होने वाली है। इराक के शहर नजफ़ से उड़ान भरने वाला माहान एयर का एक विशेष विमान अली खामेनेई का पार्थिव शरीर लेकर कुछ समय पहले ईरान के पवित्र शहर मशहद पहुंचा। मशहद में अंतिम यात्रा के बाद खामेनेई को उनकी इच्छा के अनुसार पवित्र दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। मशहद अली खामेनेई का पैतृक शहर है।
मशहद एयरपोर्ट पर पहुंचा विशेष विमान
इरना समाचार एजेंसी ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर मशहद के हाशमी नेजाद हवाई अड्डे का एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में माहान एयर का एक विमान खड़ा दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि यह विमान नजफ़ हवाई अड्डे से अली खामेनेई का पार्थिव शरीर लेकर मशहद पहुंचा है।
नजफ़ और कर्बला में धार्मिक रस्में पूरी होने के बाद अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को माहान एयर के विशेष विमान से ईरान के मशहद शहर लाया गया। विमान ने गुरुवार सुबह नजफ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। मशहद में इमाम रज़ा की पवित्र दरगाह के परिसर में उनकी अंतिम रस्में और दफ़न की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कर्बला में भीड़ के कारण अंतिम यात्रा में देरी
जनाज़े के आयोजकों के अनुसार, मशहद में पार्थिव शरीर के पहुंचने में कई घंटे की देरी हुई। कर्बला में शोक व्यक्त करने वालों की भारी भीड़ के कारण यह स्थिति बनी, जिसके चलते स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजे शुरू होने वाला अंतिम यात्रा जुलूस दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दिया गया।
नजफ़ में लाखों लोगों ने दी अंतिम विदाई
नजफ़ में दिवंगत नेता की अंतिम यात्रा में लगभग 38 लाख लोगों ने भाग लिया। वहां से अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को अरबईन मार्ग के जरिए कर्बला ले जाया गया। तेहरान और क़ुम में आयोजित कार्यक्रमों के बाद इराक में उनकी नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई।
आयतुल्लाह अली सिस्तानी के प्रतिनिधि ने पढ़ाई नमाज़-ए-जनाज़ा
इराक में शिया धर्मगुरु आयतुल्लाह अली सिस्तानी के प्रतिनिधि शेख अब्दुलमहदी अल-करबलाई ने नमाज़-ए-जनाज़ा अदा कराई। इस अवसर पर इराक में बुधवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था।
बताया गया है कि आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई 28 फरवरी को एक संयुक्त अमेरिकी और इज़राइली सैन्य अभियान में मारे गए थे।
