पटना: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4.0 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती के ऑनलाइन आवेदन को लेकर नई संभावित तारीख की घोषणा कर दी है। आयोग की ओर से मंगलवार, 1 सितंबर 2026 की शाम जारी किए गए नोटिफिकेशन में बताया गया कि संशोधित विज्ञापन और ऑनलाइन आवेदन में जरूरी संशोधन के बाद आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है।
बीपीएससी के नए नोटिफिकेशन जारी
यह भर्ती प्रक्रिया विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत विद्यालय अध्यापक के पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की जा रही है। इससे पहले आवेदन प्रक्रिया शुरू होने को लेकर अभ्यर्थियों के बीच काफी असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब बीपीएससी के नए नोटिफिकेशन से अभ्यर्थियों को आवेदन की संभावित तारीख को लेकर स्पष्टता मिली है।
आयोग ने अपने पत्र में कहा है कि चतुर्थ चरण के विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4.0) के तहत विद्यालय अध्यापक के पदों पर नियुक्ति के लिए संशोधित विज्ञापन जारी किया जाएगा। साथ ही ऑनलाइन आवेदन में आवश्यक संशोधन किए जाने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बीपीएससी के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। हालांकि आयोग ने अपने पत्र में ‘संभावना’ शब्द का इस्तेमाल किया है। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन शुरू होने की अंतिम पुष्टि के लिए बीपीएससी की आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
TRE-4.0 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को संशोधित विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। आवेदन शुरू होने के बाद पात्रता, विषयवार पद, आरक्षण, आयु सीमा, परीक्षा शुल्क और अन्य नियमों की जानकारी संशोधित विज्ञापन में दी जाएगी।
शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए अब 21 सितंबर की तारीख महत्वपूर्ण हो गई है। आवेदन शुरू होने के बाद उम्मीदवार बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
तारीख के लिए सड़क पर उतरे थे शिक्षक अभ्यर्थी
TRE-4.0 की आवेदन प्रक्रिया में देरी को लेकर शिक्षक अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा था। आवेदन की तारीख स्पष्ट नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने पटना के गर्दनीबाग में विरोध-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी धरना और अनशन पर बैठे थे।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की मांग थी कि भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाए और आवेदन की तारीख स्पष्ट की जाए। आंदोलन के दौरान कई अभ्यर्थियों ने आमरण अनशन का रास्ता भी अपनाया। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ना चाहते थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोक दिया गया। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई और लाठीचार्ज की घटना सामने आई।
इस प्रदर्शन ने बिहार में शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े किए। अभ्यर्थियों का आरोप था कि भर्ती की तारीख को लेकर लगातार अनिश्चितता के कारण हजारों युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई में कई अभ्यर्थियों के घायल होने की भी बात सामने आई।
अब बीपीएससी की ओर से 21 सितंबर 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावित तारीख बताए जाने के बाद अभ्यर्थियों को कुछ राहत मिली है। हालांकि उम्मीदवारों की नजर अब संशोधित विज्ञापन और अंतिम आवेदन तिथि पर है
TRE-4.0 को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अब असली सवाल यही है—21 सितंबर को आवेदन का दरवाजा सच में खुलेगा या फिर तारीख एक बार फिर आगे बढ़ेगी?
