araria kachra


अररिया: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित खड़िया बस्ती ईदगाह चौक से बंसवारी जाने वाली सड़क पर डेम्हेली, बंसवारी और झमटा रोड के समीप एक खाली जमीन पर कचरा फेंके जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की ओर से लगातार इस स्थान पर कचरा डंप किया जा रहा है, जिससे आसपास के लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


कचरा वाहन को लौटाया गया

ग्रामीणों ने फैसल जावेद यासीन के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए कचरा लेकर पहुंचे वाहन को वापस लौटा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि आबादी के बीच कचरा फेंके जाने से क्षेत्र में बदबू फैली रहती है और राहगीरों को नाक और मुंह ढककर गुजरना पड़ता है।

संक्रामक बीमारियों के फैलने का था खतरा
स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि लगातार कचरा जमा होने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि यदि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

नगर परिषद को सौंपा गया ज्ञापन
इस संबंध में फैसल जावेद यासीन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि उक्त स्थान पर तत्काल प्रभाव से कचरा डंपिंग बंद की जाए और कचरे के निस्तारण के लिए किसी वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जाए।

सफाई शाखा प्रभारी ने दिया आश्वासन
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद की सफाई शाखा के प्रभारी (इंचार्ज) ने फैसल जावेद यासीन को आश्वासन दिया कि अगले दिन से इस स्थान पर कचरा नहीं डाला जाएगा।

सफाई कर्मियों को दिया गया गुलाब और अनुरोध पत्र
विरोध प्रदर्शन के दौरान फैसल जावेद यासीन ने सफाई कर्मियों और कचरा वाहन चालकों को गुलाब का फूल और एक अनुरोध पत्र सौंपकर अपील की कि वे भविष्य में इस स्थान पर कचरा लेकर न आएं। इसके बाद सभी चालक इस स्थान पर कचरा नहीं डालने के आश्वासन के साथ वहां से वापस लौट गए।

वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की दिशा में काम का दावा
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने भी भरोसा दिलाया कि शहर में कचरा निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से स्थायी रूप से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *