नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन ने अपनी रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए (बुधवार 30 सितंबर) को को दिल्ली में अहम बैठक की। बैठक में चुनाव आयोग और SIR को लेकर आगे की कार्रवाई पर चर्चा हुई। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर साथ मिलकर आंदोलन चलाने की बात कही और आने वाले दिनों के लिए कार्यक्रम तय किए।

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्षी दलों ने मिलकर मजबूती से आगे बढ़ने पर सहमति जताई है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि विपक्ष साथ मिलकर लड़ाई लड़ेगा।

राहुल गांधी के नाम पर ममता ने क्या कहा?

बैठक के बाद पत्रकारों ने ममता बनर्जी से INDIA गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे को लेकर सवाल किया। उनसे पूछा गया कि क्या राहुल गांधी गठबंधन की ओर से प्रधानमंत्री पद के चेहरे होंगे?

ममता बनर्जी ने इस सवाल का सीधा जवाब देने के बजाय पत्रकारों से ही कहा, “आप होंगे।” उनके इस जवाब के बाद INDIA गठबंधन के नेतृत्व और भविष्य में प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है। हालांकि, गठबंधन की ओर से फिलहाल प्रधानमंत्री पद के किसी उम्मीदवार की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।

ज्ञानेश को लेकर विपक्ष का साझा रुख

बैठक का मुख्य मुद्दा चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति रहा। ममता बनर्जी ने बैठक के बाद CEC को हटाने की मांग दोहराई और कहा कि INDIA गठबंधन इस मुद्दे पर एकजुट है।

विपक्षी दलों की ओर से SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए गए हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग इन आरोपों पर अपना पक्ष रख चुका है और प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों को लेकर अपने रुख को स्पष्ट कर चुका है।

2 अक्टूबर से शुरू होगा आंदोलन

INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग के मुद्दे पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने का कार्यक्रम बनाया है। इसके तहत 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च निकालने की योजना है। इन प्रदर्शनों में विपक्षी दलों के साथ युवाओं और सामाजिक संगठनों को जोड़ने की बात कही गई है।

इसके अलावा 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगने का भी फैसला किया है। यह मुलाकात अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है।

दिल्ली में बड़ी रैली की तैयारी

INDIA गठबंधन की ओर से आने वाले दिनों में कई बड़ी रैलियां आयोजित करने की भी योजना है। इनमें 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित बड़ी रैली अहम मानी जा रही है। विपक्ष की ओर से इन कार्यक्रमों में SIR, मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।

इस तरह बैठक के बाद विपक्ष ने एक तरफ चुनाव आयोग के खिलाफ अपने आंदोलन का कार्यक्रम तय किया है, तो दूसरी तरफ ममता बनर्जी के राहुल गांधी को लेकर दिए गए जवाब ने INDIA गठबंधन के नेतृत्व के सवाल को फिर चर्चा में ला दिया है। गठबंधन की मौजूदा बैठक में किसी एक नेता को प्रधानमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

करीब 20 विपक्षी दलों के नेता बैठक में जुटे

INDIA गठबंधन की इस अहम बैठक में करीब 20 विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई प्रमुख विपक्षी चेहरे मौजूद रहे।

तृणमूल कांग्रेस की ओर से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, आरजेडी से तेजस्वी यादव, एनसीपी (शरद पवार गुट) से सुप्रिया सुले, नेशनल कॉन्फ्रेंस से उमर अब्दुल्ला और पीडीपी से महबूबा मुफ्ती बैठक में शामिल हुए। वाम दलों की ओर से भी वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।

बैठक में छोटे और क्षेत्रीय विपक्षी दलों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। वहीं कुछ नेता व्यक्तिगत रूप से बैठक में नहीं पहुंच सके और कुछ दलों ने वर्चुअल माध्यम या प्रतिनिधियों के जरिए अपनी भागीदारी दर्ज कराई। रिपोर्टों के मुताबिक उद्धव ठाकरे पहले से तय कार्यक्रमों के कारण वर्चुअल रूप से जुड़ने वाले नेताओं में शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *